शिवपुरी 30 अक्टूबर 2026 - एक ओर जहां सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के लिए उपवास पर हैं तो वहीं दूसरी ओर शिवपुरी जिले में करवा चौथ के व्रत लेकर पति - पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। व्रत नहीं रखने पर पति ने पत्नी पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। इस मामले के बाद अब कई तरह चर्चाओं इस मामले को लेकर हो रही है। पूरा मामला बदरवास थाना इलाके का है।
मिली जानकारी के अनुसार बिजरावन गांव निवासी बारेलाल आदिवासी गुरुवार को पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने पत्नी पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया है। आवेदन में बारेलाल ने लिखा है कि मेरी पत्नी का नाम मिथलेश आदिवासी है, जो मुझसे बेवफाई कर रही है और मेरे लिए करवा चौथ का व्रत नहीं रख रही है। वह मुझे मारना चाहती है। न ही मेरे लिए चांद की पूजा कर रही है। मैंने कहा कि तू चांद देख ले, जिससे मेरी उम्र बढ़ जाए मगर वह मुझे मारना चाह रही है। अगर इस बार मेरी पूजा नहीं की तो मैं उसे तलाक दे दूंगा। इसलिए आवेदन पेश कर रहा हूं। कार्रवाई की जाए।
शिकायत में बारेलाल ने दावा किया है कि उसने पत्नी से कई बार कहा कि वह उसके लिए चांद देखकर पूजा कर ले और उसकी लंबी उम्र की कामना करे, लेकिन पत्नी ने उसकी बात नहीं मानी। पति का आरोप है कि पत्नी न तो व्रत रख रही है और न ही करवा चौथ की रस्में निभा रही है। बारेलाल ने अपने आवेदन में साफ लिखा है कि यदि पत्नी ने इस बार उसके लिए व्रत और पूजा नहीं की, तो वह उसे तलाक दे देगा।












