कांकेर 30 अक्टूबर 2026 - पखांजूर थाना क्षेत्र के PV -39 इंद्रप्रस्थ गांव से एक बेहद ही हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहाँ 9 माह की गर्भवती नवविवाहिता करिश्मा राय ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस अचानक हुई घटना के बाद मृतिका के परिवार में गहरा आक्रोश है और उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका करिश्मा राय का विवाह इसी वर्ष फरवरी माह में सामाजिक रीति रिवाजों के साथ PV -39 इंद्रप्रस्थ निवासी राजेश राय के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था। मायके पक्ष के लोगों ने कई बार बीच बचाव कर दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन इसके बावजूद पति और सास द्वारा लगातार गाली गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का दौर जारी रहा।

मृतिका के परिजनों ने उसकी मौत के लिए सीधे तौर पर पति राजेश राय और उसकी सास को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि लगातार मिल रही प्रताड़ना के कारण ही नवविवाहिता ने यह चरम कदम उठाया। परिजनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस पूरे मामले को लेकर पखांजूर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोपों सहित अन्य सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।