15 साल की नाबालिग को बंधक बनाकर रेप, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ने दिया वारदात को अंजाम
जमशेदपुर 27 मई 2026 - झारखंड के जमशेदपुर में परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह में एक 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। यह आरोप स्वास्थ्य विभाग के एक सरकारी कर्मचारी पर लगा है। आरोपी की पहचान गम्हरिया के स्वास्थ्य विभाग (मलेरिया विभाग) में कार्यरत सरकारी कर्मी मुन्ना तामसी के रूप में हुई है।
आरोप है कि उसने पड़ोस में रहने वाली 15 साल की मासूम बच्ची को बहला- फुसलाकर रात में अपने घर बुलाया। इसके बाद उसने बच्ची को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। देर रात जब डरी-सहमी बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची, तो खौफ के मारे वह चुप रही। हालांकि, सुबह होते ही पीड़िता ने अपनी बड़ी बहन के सामने आपबीती बयां की, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
जिसके बाद परिजनों ने फौरन परसुडीह पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्ना तामसी की बाईक को जब्त कर लिया है, लेकिन आरोपी वारदात के बाद से ही फरार बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
















