छत्तीसगढ़ - सालों से बंद टॉकीज के पास IPL में सट्टा खेला रहे सटोरिया मनीष भौमिक गिरफ्तार
रायगढ़ 25 मई 2026 - SSP शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक सटोरिये को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से नगद रकम, मोबाइल फोन एवं सट्टा-पट्टी जप्त की गई है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दरअसल 24 मई 2026 की रात धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि भारत टॉकीज जो लगभग 10 - 12 साल से बंद पड़ा है, उसके सामने कुछ लोग IPL क्रिकेट मैच में सट्टा खेला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर रेड कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोग भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष भौमिक पिता संजन भौमिक उम्र 38 वर्ष निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी बताया।
आरोपी के कब्जे से मोबाइल और सट्टा-पट्टी जप्त आरोपी के कब्जे से एक कागज में IPL क्रिकेट टीमों के नाम एवं रुपये का हिसाब लिखा हुआ मिला। साथ ही आरोपी से 725 रुपये नगद एवं एक मोबाइल फोन जप्त किया गया है। आरोपी के मोबाइल की जांच की जा रही है, जिसमें ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना है।
















