बड़ी खबर - तेज रफ्तार से दौड़ती राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, A/C और SLR कोच जलकर खाक
रतलाम 17 मई 2026 - त्रिवेंद्रम हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में भीषण आग लग गई. घटना मध्य प्रदेश के रतलाम से करीब 110 किलोमीटर दूर हुई है. इस आगजनी से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-निजामुद्दीन की ओर जा रही त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे लूणी-विक्रमगढ़ के बीच ट्रेन के बी-1 कोच में आग लग गई, जिसके चलते दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित हो गया है.
बताया जा रहा है कि ट्रेन में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया. देखते ही देखते थर्ड एसी और एसएलआर कोच आग की लपटों में घिर गए. दूर तक आसमान में उठती लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे इलाके में भी हड़कंप मच गया.
आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते ट्रेन का थर्ड AC और SLR) कोच जलकर पूरी तरह खाक हो गए. हालांकि गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को इसकी सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया. वहीं कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा. हादसे की खबर लगने के बाद कोटा रेल मंडल से राहत व बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई।
कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही कोटा से दुर्घटना राहत ट्रेन और एआरएमई को रवाना किया गया. डीआरएम अनिल कालरा समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचे. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।














