जांजगीर चाम्पा कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा ने CMHO और सिविल सर्जन को दिया टेंसन
जांजगीर चाम्पा , 05-07-2022 4:25:22 AM
जांजगीर चाम्पा 04 जुलाई 2022 - कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही अति आवश्यक सेवाओं से संबंधित कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण शुरू कर दिया है। आज शाम वे जिला अस्पताल पहुँचे तो उन्होंने यहाँ की सफाई व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। कलेक्टर ने उपस्थित सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि इस तरह की अव्यवस्था नहीं चलेगी। यह अस्पताल है और जिले भर से गरीब मरीज यहाँ अपना उपचार कराने आते हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से शासन की योजनाओं का लाभ मिलने के साथ जरूरी सुविधाएं अवश्य मिलनी चाहिए। यह शासकीय अस्पताल किसी भी निजी अस्पताल की तुलना में सफाई के मामलों में कम न हो।
कलेक्टर सिन्हा ने आज जिला अस्पताल के विभिन्न वार्डों और लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के शौचालय में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी व्यक्त की कलेक्टर ने कहा कि यहाँ आने वाले किसी भी मरीज को किसी तरह की कोई परेशानी न हो, यह अस्पताल प्रबंधन सुनिश्चित करे।
उन्होंने यहाँ लैब टेस्ट समय पर सुनिश्चित करने और यहाँ जाँच के लिए आने वाले मरीजों को किसी निजी अस्पताल या लैब में नहीं भेजने के भी निर्देश दिए। उन्होंने यहाँ सभी स्टाफ को अस्पताल की सुविधाओं को बेहतर बनाने और सिविल सर्जन को यहाँ कामकाज में कसावट लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने CMHO को निर्देशित किया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्र किसी भी निजी स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर हो और समय पर सबकी उपस्थिति भी सुनिश्चित हो।
कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा दो टूक लहजे में कहा की आने वाले दिनों में उनके द्वारा अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा और अव्यवस्था पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
















