नई दिल्ली 26 अगस्त 2022 - दिल्ली के यमुना खादर इलाके में आठ साल की एक बच्ची के साथ बलात्कार और बेरहमी से हत्या करने के मामले को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, बच्ची ने एक दिन आरोपी को अपनी मां के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके साथ उस महिला के अवैध संबंध थे।
DCP (सेंट्रल) श्वेता चौहान ने बताया कि पेशे से कसाई रिजवान उर्फ बादशाह ने रेप के बाद बच्ची का गला काट दिया था और पहचान छुपाने के लिए उसका चेहरा भी क्षत-विक्षत कर दिया था। गुप्त सूचना के आधार पर को रिजवान को पकड़ लिया गया लगातार पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
DCP ने बताया कि 05 अगस्त की सुबह हमारे पास फोन आया था, जिसमें एक बच्ची को घर से अगवा किया गया था। काफी तलाशने के बाद भी बच्ची नहीं मिल पाई। 18 तारीख को एक बच्ची का शव मिला, जिसकी पहचान उसके परिजनों ने अपनी बेटी के रूप में की।
इस मामले की जांच के दौरान एक मुखबिर से पुलिस को पता चला कि 35-36 साल का व्यक्ति रिजवान है, जो उस बच्ची के घर में अक्सर आया जाया करता था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। आस पास के सभी CCTV कैमरों की जांच की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। यमुना खादर क्षेत्र और उसके आसपास रहने वाले लगभग 200 लोगों से आरोपियों का पता लगाने के लिए पूछताछ की गई। गुप्त सूचना के आधार पर रिजवान उर्फ बादशाह को पकड़ लिया गया। लगातार पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी रिजवान उर्फ बादशाह 20 साल पहले काम के सिलसिले में दिल्ली आया और राजधानी के तुर्कमान गेट इलाके में कसाई का काम करने लगा। उसने आगे खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अविवाहित है और वह यमुना खादर में नशा करने जाता था। उसने पुलिस को बताया कि वहां उसके पीड़िता की मां से पहचान हुई और उन दोनों में अवैध संबंध बन गए और पीड़िता से भी उसकी दोस्ती हो गई थी। उसने आगे खुलासा किया कि पीड़िता ने उसे अपनी मां के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और इसलिए उसने उसे मारने का फैसला किया।
आरोपी रिजवान ने आगे बताया कि घटना वाले दिन शाम को उसने पड़ोस में पहुंचकर गांजा और शराब पी और रात तक पीड़ित परिवार के सभी सदस्यों के सोने का इंतजार किया। जब वह झुग्गी पहुंचा तो उन्होंने देखा कि पीड़िता अपने परिवार के साथ झुग्गी के अंदर सो रही है। इसके बाद उसने उसका अपहरण कर लिया और उसे यमुना खादर के पास वन क्षेत्र में एक सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ रेप किया। फिर उसने उसका गला काट दिया और उसका चेहरा क्षत-विक्षत कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में 22 अगस्त को आरोपी रिजवान को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पीसी रिमांड के दौरान अपराध का हथियार यानी चाकू बरामद कर लिया गया है। आरोपी रिजवान पेशे से कसाई है। उसके चार भाई हैं और उसके माता-पिता बिहार में रहते हैं। DCP ने बताया कि बच्ची की मां का इसमें कोई भूमिका सामने नहीं आया है।











