जांजगीर चाम्पा 07 जुलाई 2022 - आमतौर पर ऐसे कई बड़े अधिकारी होते हैं, जो कीचड़ या गीली मिट्टी देखकर अपने जूते-चप्पल गन्दे होने की डर से पैदल चलना मुनासिब नहीं समझते। जिले के नव पदस्थ कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा शायद जमीन से जुड़े हुए वे अधिकारी है, जिन्हें न तो गीली मिट्टी में फिसलने का डर था और न ही कीचड़ में चलने से परहेज।
जिले में पदस्थ होने के बाद विकास कार्यों का बारीकियों से अवलोकन करने निकले कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा आज जब एक गौठान का अवलोकन करने पहुँचे तो वे पैदल ही दूर तक तब तक आगे बढ़ते रहे, जब तक उन्होंने करीब से यहाँ के सम्पूर्ण कार्यों को न देख लिया। इस दौरान उनके जूते कीचड़ से लथपथ हो गए, फिर भी वे बिना परवाह किए आगे बढ़ते रहे। यहाँ पहुँचने और विकास कार्यों सहित स्व-सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत के बाद उनकी आमदनी और गतिविधियों को देखकर प्रशंसा किए बिना नहीं रह सके।











