बेंगलुरु 05 नवम्बर 2026 - जिस कारोबारी के यहां 22 साल का किरण कई साल से काम कर रहा था, उसी के घर में उसकी मौत हो गई. आरोप है कि कारोबारी आनंद राज ने किरण को अपनी 19 साल की बेटी के साथ देख लिया था. इसके बाद उसने युवक की इतनी पिटाई की कि उसकी जान चली गई. पुलिस ने कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है. मामला बेंगलुरु के येलहंका इलाके का है. मृतक किरण केरल के पलक्कड़ जिले का रहने वाला था. वह बेंगलुरु में आनंदराज की फैक्ट्री में काम करता था।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह आनंदराज और उसकी पत्नी घर से निकले थे. उन्होंने बेटी को बताया था कि वे दिनभर बाहर रहेंगे. कुछ घंटे बाद जब दोनों घर लौटे तो उन्होंने किरण को अपनी बेटी के साथ कमरे में देख लिया. इसके बाद क्या हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है. शुरुआती जांच में शक है कि आनंदराज ने अपनी बेटी को चिक्काबल्लापुर में एक रिश्तेदार के घर भेज दिया और फिर किरण के साथ मारपीट की. इस हमले में किरण को कई चोटें आईं और वह बेहोश हो गया. उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

किरण के ममेरे भाई प्रसाद ने दावा किया है कि यह हत्या पहले से प्लानिंग के तहत की गई. प्रसाद का आरोप है कि आनंदराज ने किरण के भाई को इसी हफ्ते डिलीवरी के काम से उत्तर प्रदेश भेज दिया था. दावा है कि ऐसा इसलिए किया गया, ताकि घटना के समय किरण के पास कोई दूसरा व्यक्ति मौजूद न हो और कोई बीच-बचाव न कर सके।

बेंगलुरु के नॉर्थ ईस्ट डिवीजन के डीसीपी जीके मिथुन कुमार ने कहा कि आरोपी कारोबारी को अरेस्ट कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आनंदराज ने जानबूझकर किरण की हत्या की।