रायपुर 27 फरवरी 2022 - लगातार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और ओडिशा की ओर से चक्रवाती प्रभाव के उत्पन्न होने से उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश के लिए अनुकूल सिस्टम बन गया है। इसका असर रविवार भोर से दिखा। सुबह पांच बजे से अचानक गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। सुबह साढ़े आठ बजे तक अम्बिकापुर में 5 मिमी बारिश हो चुकी थी। बारिश जारी रहने से शाम तक यह आंकड़ा बढ़ने की संभावना है। फरवरी के अंतिम दिनों में अचानक मौसम के करवट बदलने से तापमान भी बदल रहा है।
पिछले कुछ दिनों से लोगों को दिन और रात में हल्की गर्मी महसूस हो रही थी, लेकिन आज हो रही बारिश से तापमान फिर गिर गया है। बारिश और हवा के कारण लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज दोपहर बाद बादल के छंटने की सभावना है।
एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण माह के आखिरी दिनों में सरगुजा संभाग में मौसम बदला हुआ है। पहले 22 फरवरी फिर 24 फरवरी को दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए। पहले का असर सरगुजा जिले को छोड़ सूरजपुर और बलरामपुर जिले में रहा।
दूसरे विक्षोभ की सक्रियता के साथ चक्रवाती प्रभाव उत्पन्न होने से सरगुजा संभाग में एक बार फिर से बारिश हो रही है। इसका असर बिहार और झारखंड राज्य में भी पड़ा है। मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव का असर तापमान पर पड़ा है। अम्बिकापुर का अधिकतम तापमान जो 25 फरवरी को 31 डिग्री के पार चला गया था वह फिर से गिरकर 30 से नीचे आ गया है। आज के मौसम को देखते हुए अधिकतम तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी ए एम भट्ट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रियता थमी नहीं है। सोमवार से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका असर उत्त्तरी छत्तीसगढ़ में दो और तीन मार्च को पड़ सकता है। अभी लगातार नमी रहने से बादलों की आवाजाही उत्तरी छत्तीसगढ़ में बनी रहेगी। इससे तापमान भी ऊपर - नीचे बना रहेगा।









