अशोकनगर 08 जुलाई 2023 - शनिवार की सुबह करीब 11.30 बजे जिला न्यायालय के पास सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा स्पीड ब्रेकर के पास हुआ जिसमें सिलेण्डरों से भरे ट्रक के पिछले पहिए के चपेट में दोनों बाइक सवार बाइक फिसलने के बाद आ गए। मृतक दोनों सगे भाई थे इनमें से एक भाई इंदौर तो दूसरा गुना का निवासी बताया जा रहा है।

इंदौर के मालवीय नगर में रहने वाले पृथ्वीराज जाटव और गुना में रहने वाला उनका भाई दुर्गेश जाटव अशोकनगर में सोफा बनाने का काम लंबे समय से करते आ रहे थे। इसी काम के सिलसिले में उनका अशोकनगर आना जाना लगा रहता था।

शनिवार को दोनों भाई गुना से अशोनकगर के लिए बाइक से निकले। जब उनकी मोटरसाइकिल जिला न्यायालय के पास पहुंची तो अचानक सड़क पर गाड़ी स्लिप हो गई जिससे दोनों गिर गए। स्पीड ब्रेकर के पास बाइक फिसलने से बाइक को सड़क के दूसरी तरफ गिरी जबकि दोनों ही बाइक सवार सड़क पर गिरे।

इसी दौरान इंडेन गैस के सिलेण्डर भरकर आ रहा ट्रक का अगला पहिया तो निकल गया लेकिन पिछले पहिए की चपेट में दोनों भाई आ गए। भारी बजनी ट्रक और उसमें रखे सिलेण्डर के वजन से दोनों भाईयों के शरीर और सिर बुरी तरह से कुचल गया। इससे दोनों की ही मौके पर मौत हो गई। इस दौरान ट्रक भी 10 कदम की दूरी पर रुक गया। बाद में पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ लिया है।