दुर्ग 09 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के माध्यम से संचालित ऑनलाइन सट्टेबाजी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना वैशाली नगर और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे में दबिश देकर किराए के फ्लैट से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे 10 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सभी सटोरिये दो अलग - अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनल संचालित कर रहे थे।
जांच में करोड़ों रुपये के बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31 मोबाइल फोन , चार लैपटॉप, 12 ATM कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, दुर्ग पुलिस म्यूल बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी के अवैध कारोबार की जांच कर रही थी। इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों में हुए लेन-देन की पड़ताल में महाराष्ट्र के ठाणे से ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालित होने की जानकारी सामने आई। जांच में पता चला कि दुर्ग - भिलाई और धमतरी सहित अन्य स्थानों के युवक ठाणे में किराए का फ्लैट लेकर ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन कर रहे हैं।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले आरोपियों की लोकेशन महाराष्ट्र के ठाणे में मिली। इसके बाद वैशाली नगर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने ठाणे पहुंचकर संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी। सभी सटोरियों के खिलाफ वैशाली नगर थाने में BNS की धारा 317(2), 317(4), 112, 3(5) और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
गिरफ्तार सटोरियों में..
विष्णु तिवारी (19 वर्ष), निवासी कैंप-1, बैकुंठ धाम, भिलाई।
अंकित निषाद (23 वर्ष), निवासी सुभाष नगर, धमतरी।
नितेश कुमार (24 वर्ष), निवासी हटकेसर, धमतरी।
नरेश कन्हाई (24 वर्ष), निवासी बालाजी नगर, खुर्सीपार, भिलाई।
दीपक कश्यप (27 वर्ष), निवासी गगरेल, धमतरी।
मेहुल निषाद (23 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड, धमतरी।
हर्ष वर्धन निषाद (19 वर्ष), निवासी लिटियासेमरिया, थाना बोरी।
संतोष राम (28 वर्ष), निवासी मधुबनी, बिहार।
भुवन लाल देवांगन (28 वर्ष), निवासी कांकेर।
चेतन ध्रुव (27 वर्ष), निवासी सुभाष नगर, धमतरी शामिल है।












