रायपुर 09 अक्टूबर 2026 -  राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बिरबिरा में एक मकान के अंदर पति-पत्नी के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। दोनों के सिर धड़ से अलग होने की सूचना है। मृतकों की पहचान सदासी राम साहू (65 वर्ष) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62 वर्ष) निवासी बीरबीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के शव उन्हीं के मकान के अंदर मिले हैं। घर से तेज बदबू आने के बाद घटना का पता चला। शव सड़ने की स्थिति में बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान के भीतर मिले दोनों शवों के सिर धड़ से अलग हैं। इस कारण मामला बेहद गंभीर माना जा रहा है। हालांकि, मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके पर डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने की निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर ली है। घटना के बाद से ही गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।