ग्वालियर 08 अक्टूबर 2026 - मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। शिवपुरी से ग्वालियर चिड़ियाघर घूमने आए युवक को पत्नी चकमा देकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। पूरी घटना गांधी प्राणी उद्यान के गेट पर लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मामला पड़ाव थाना क्षेत्र के फूलबाग स्थित गांधी प्राणी उद्यान के मेन गेट का है।
शिवपुरी जिले के कांकर निवासी 21 साल के करण रजक ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 5 मई 2026 को सुहाना रजक के साथ हुई थी। वह पत्नी के साथ बाइक से ग्वालियर में रहने वाले रिश्तेदारों के यहां आया था। करण के अनुसार सफर के दौरान पत्नी ने इच्छा जताई कि पहले चिड़ियाघर घूमेंगे, उसके बाद रिश्तेदारी में चलेंगे। पत्नी की बात मानकर करन उसे लेकर गांधी प्राणी उद्यान पहुंचा। गेट के पास पत्नी को छोड़कर करण बाइक पार्किंग में खड़ी करने चला गया। इसी दौरान उसकी पत्नी गायब हो गई। जब वह पार्किंग से लौटा तो पत्नी वहां नहीं थी। तलाश करने पर वह बाइक पर किसी युवक के साथ जाती हुई नजर आई। घटना की सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने चिड़ियाघर के आसपास लगे CCTV कैमरे चेक किए तो उसमें महिला एक बाइक सवार युवक के साथ जाती हुई कैद हो गई। फुटेज में महिला प्रेमी की बाइक पर बैठकर निकलती हुई दिखाई दे रही है। पति ने शक जताया है कि उसकी पत्नी अरमान खान नाम के युवक के साथ गई है। करन ने बताया कि काफी तलाश के बाद भी जब पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला तो वह पड़ाव थाने पहुंचा और नामजद शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लापता महिला की तलाश शुरू कर दी गई है। CCTV फुटेज के आधार पर बाइक सवार युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।












