रायपुर 22 अगस्त 2022 -  राजधानी में आज से कर्मचारियों का बड़ा आंदोलन है। इसके बाद 24 अगस्त को भारतीय जनता युवा मोर्चा का बड़ा आंदोलन होगा। भाजपाई सीएम हाउस घेरने निकलेंगे। इसलिए शहर की आधा दर्जन सड़कों को सोमवार की सुबह 8 बजे से ही बंद कर दिया जाएगा। ट्रैफिक को दूसरी सड़कों पर डायवर्ट किया जाएगा। शहर की 80 हजार से ज्यादा गाड़ियों का रूट बदल दिया जाएगा। शास्त्री चौक से लेकर एसआरपी चौक, ओसीएम चौक से लेकर कालीबाड़ी व नगर निगम मुख्यालय चौक को बंद कर दिया जाएगा। इन सड़कों पर रोजाना करीब 80 हजार गाड़ियां 24 घंटे में गुजरती हैं। सबसे ज्यादा सुबह और शाम के समय गाड़ियों का दबाव रहता है। उसी समय गाड़ियों के रूट को बदला जाएगा। इस वजह से केनाल रोड, तेलीबांधा रोड और पुरानी बस्ती सड़क पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक का दबाव रहेगा। भाजपाई निगम मुख्यालय के सामने सभा करेंगे। वहां से पैदल सीएम हाउस घेरने निकलेंगे। पुलिस उन्हें ओसीएम चौक और मोतीबाग के सामने रोकेगी। वहीं गिरफ्तार किया जाएगा। 

बांस-बल्ली-बेरीकेड्स से रास्ता करेंगे बंद 

रायपुर कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे और SSP प्रशांत अग्रवाल ने आंदोलन स्थल का निरीक्षण किया। आला अधिकारियों के साथ निगम मुख्यालय पहुंचे, जहां पर भाजपा की सभा होनी है। वहां से ओसीएम चौक होते सीएम हाउस के चारो ओर निरीक्षण किया। बांस-बल्ली और बेरीकेड्स लगाकर रास्ता बंद करने का निर्देश दिया। बांस-बल्ली बहुत मजबूती के साथ बांधने के लिए कहा गया है, ताकि कोई तोड़ न सके। ट्रैफिक को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। 

शहर की ये सड़क रहेंगी बंद 

कोतवाली चौक से फायर ब्रिगेड चौक 

शास्त्री चौक से मोती बाग और महिला थाना चौक 

कालीबाड़ी से लेकर ओसीएम चौक 

शास्त्री चौक से कलेक्टोरेट चौक 

आनंद नगर चौक से एसआरपी चौक 

केनाल रोड पंचशील चौक कटोरा तालाब चौक से लेकर कबीर चौक 

राजभवन से आकाशवाणी चौक 

सीएम हाउस जाने वाले सभी रास्ते 

इन रास्तों में डायवर्ट किया जाएगा ट्रैफिक 

शास्त्री चौक से कलेक्टोरेट चौक जाने वालों को कचहरी से खालसा स्कूल बायपास और केनाल रोड में डायवर्ट किया जाएगा। 

तेलीबांधा से शास्त्री चौक आने वाले केनाल रोड से होकर खालसा स्कूल बायपास से अंबेडकर अस्पताल तक की ओर आएंगे। 

कालीबाड़ी से शास्त्री चौक, रेलवे स्टेशन जाने वाले पुरानी बस्ती से तात्यापारा या फिर केनाल रोड का उपयोग करेंगे। 

सिविल लाइन, सर्किट हाउस आने वाले केनाल रोड से कटोरा तालाब से आकाशवाणी चौक,एलआईसी टर्निंग से आ सकेंगे। 

कालीबाड़ी से मालवीय रोड, सदरबाजार और बूढ़ातालाब वाली सड़क चालू रहेंगी।