सोनीपत 14 अगस्त 2021 - हरियाणा के सोनीपत जिले के एक गांव में घर के बाहर से नाबालिग किशोरी का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। किशोरी अनुसूचित जाति की होने के चलते मामले की जांच डीएसपी को सौंपी गई है।
पीड़िता के पिता ने सदर थाना पुलिस को बताया कि बुधवार रात को उसकी नाबालिग बेटी (17 वर्ष) घर के अंदर सो रही थी। रात को उसकी आंख खुली तो उसकी बेटी घर पर नहीं थी। उन्होंने तलाश की लेकिन पता नहीं लग सका। तड़के करीब चार बजे उसकी बेटी घर पहुंची। उसने बताया कि रात को उसकी तबियत ठीक नहीं थी। वह रात को 11 बजे बाहर से परिवार के सदस्य की आवाज सुनाई दी। जिस पर उसने दरवाजा खोल दिया। वहां पर गांव का युवक दो अन्य साथियों के साथ खड़ा था।
वह उसे जबरन कार में डालकर और उसका अपहरण कर सुनसान स्थान पर नहर के पास ले गए। वहां पर उसके साथ आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। वह उनके चंगुल से निकलकर गांव में पहुंची। जिस पर उसने परिवार को घटना के बारे में अवगत कराया।
सभी आरोपियों की उम्र 22 से 24 साल के बीच बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, एससीएसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस मामले में डीएसपी व जांच अधिकारी सतीश गौतम ने बताया की पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। किशोरी के पिता ने तीन युवकों पर घर के बाहर से बेटी का अपहरण कर कार में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आरोपियों की गिरफ्तारी को तीन टीम बनाई गई है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









