रायपुर 15 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर नया अपडेट सामने आया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत शिक्षक भर्ती परीक्षा (LST26) के लिए दिव्यांग अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन का दोबारा मौका दिया है। इसके साथ ही परीक्षा की तारीख भी घोषित की गई है।

मंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार, दिव्यांग अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर अभ्यर्थियों को 31 अक्टूबर से 02 नवंबर 2026 तक सुधार का मौका मिलेगा।

जारी सूचना के मुताबिक, भर्ती परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र प्रदेश के 16 जिला मुख्यालयों में बनाए जाएंगे। सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। यह फैसला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 09 अक्टूबर 2026 के आदेश के पालन में लिया गया है। इसके तहत निर्धारित दिव्यांगता श्रेणियों वाले अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया जा रहा है।

मंडल की सूचना में भाषा विषयों के लिए दृष्टिबाधित (B-Blind), सेरेब्रल पाल्सी और अन्य निर्धारित दिव्यांगता श्रेणियों के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। गणित विषय के लिए दोनों हाथों से संबंधित दिव्यांगता (BA-Both Arms), ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर के हल्के स्तर और सेरेब्रल पाल्सी जैसी श्रेणियों का उल्लेख है।

कृषि विषय के लिए भी निर्धारित दिव्यांगता श्रेणियों के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए मंडल की आधिकारिक वेबसाइट

vyapamcg.cgstate.gov.in और cgssb.cgstate.gov.in पर जा सकते हैं।