रायगढ़ 15 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क किनारे साइन बोर्ड पर अज्ञात व्यक्ति की लाश फांसी पर लटकते मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बंगुरसिया का है, जहां मुख्य सड़क के किनारे लगे साइन बोर्ड पर करीब 35 वर्षीय व्यक्ति का शव लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाकर मृतक के परिजनों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। स्थानीय रहवासियों से मृतक के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी उसकी पहचान नहीं कर सका। चक्रधरनगर पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उसके फोटोग्राफ विभिन्न सूचना एवं संपर्क समूहों में साझा किए हैं।












