कांकेर 15 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आमाबेड़ा तहसील क्षेत्र में कार्यवाही कर दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने किसानों को फसल बीमा की राशि दिलाने के बदले पैसे की मांग की थी। किसानों की शिकायत पर ACB ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। अधिकारियों की पहचान प्रवीण चंद्राकर और सुंदर बछड़ के रूप में हुई है।
पूरा मामला कांकेर जिले के आमाबेड़ा तहसील क्षेत्र का है। यहां ग्राम पंचायत आलानार के रहने वाले किसान सुनील कोमरा और सगाऊ कोमरा फसल बीमा की राशि प्राप्त करने के लिए प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा उनसे कथित तौर पर रिश्वत की मांग की गई। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने के एवज में 10 हजार रुपये मांगे थे।
इस मांग से परेशान किसानों ने ACB से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद ACB ने आरोपों की जांच करते हुए कार्रवाई की योजना बनाई और दोनों अधिकारियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार, बुधवार 14 अक्टूबर को किसान 10 हजार रुपये लेकर संबंधित अधिकारियों के पास पहुंचे। इसी दौरान ACB की टीम ने दोनों ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण चंद्राकर और सुंदर बछड़ को पकड़ लिया।












