कांकेर 28 अक्टूबर 2026 - छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नाबालिग से दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने का मामला सामने आया है। आमाबेड़ा पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 64 (1), 64 (2) (m) और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को 27 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया के लिए न्यायालय में पेश किया गया। 

आरोपी की पहचान सौरभ कुमार निर्मलकर (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कोलियारी आवासपारा का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फरवरी 2026 से पीड़िता को प्रेम संबंध और शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि युवक को पहले से जानकारी थी कि पीड़िता की उम्र 18 वर्ष से कम है। इसके बावजूद वह उसके साथ संबंध बनाता रहा। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई और इसकी शिकायत पुलिस तक पहुंची।