नई दिल्ली 28 अक्टूबर 2026 - चक्रवात अर्नब ने बुधवार, 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट पर लैंडफॉल पूरा कर लिया. इस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि हवा के तेज झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे. इसी बीच भारत के INSAT -3DS मौसम सैटेलाइट की तस्वीर में तूफान के बादलों का बड़ा घेरा दिखाई दिया।
सैटेलाइट ने यह तस्वीर बुधवार सुबह 9:30 बजे से 9:57 बजे के बीच ली. इसमें तूफान के बीच घने बादल और दूर तक फैली बादलों की पट्टियां दिखाई दे रही हैं. तस्वीर से पता चलता है कि चक्रवात के बादल सिर्फ उसके केंद्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बड़े इलाके में फैले हुए हैं. हालांकि, किसी इलाके में बादल दिखने का मतलब यह नहीं है कि वहां तूफान का सीधा असर भी होगा. INSAT - 3DS भारत का मौसम सैटेलाइट है. इसका इस्तेमाल बादलों, तूफानों और मौसम में होने वाले बदलावों पर नजर रखने के लिए किया जाता है. इसकी मदद से वैज्ञानिक रात में भी बादलों को देख सकते हैं।
ये बादल पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई हिस्सों और बंगाल की खाड़ी तक फैले नजर आए. मौसम विभाग के मुताबिक, तट पार करने के बाद तूफान अब जमीन के अंदर बढ़ रहा है. इसका खतरा तुरंत खत्म नहीं होगा. कई इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ की परेशानी हो सकती है।












