उज्जैन 09 अक्टूबर 2022 - ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में कार्तिक कृष्ण प्रतिपदा सोमवार से भगवान महाकाल की दिनचर्या बदलेगी। मंदिर में प्रतिदिन होने वाली पांच में से तीन आरती का समय बदलेगा। तड़के 4 बजे होने वाली भस्म आरती तथा रात 10.30 बजे होने वाली शयन आरती अपने निर्धारित समय पर होगी। 

मंदिर के पुजारी प्रदीप गुरु ने बताया ज्योतिर्लिंग की पूजन परंपरा में शरद पूर्णिमा से सर्दी की शुरुआत मानी जाती है। इसके अगले दिन कार्तिक कृष्ण प्रतिपदा से प्रतिदिन होने वाली पांच में से तीन आरती का समय बदलता है। सोमवार से सुबह 07 बजे होने वाली बाल भोग आरती 07.30 से 08.15 बजे तक होगी। इसके बाद नैवेद्य आरती सुबह 10 बजे की बजाय 10.30 से 11.15 बजे तक होगी। वहीं संध्या आरती शाम को 07 बजे की बजाय 06.30 से 07.15 बजे तक होगी।