सागर 28 दिसम्बर 2022 - जिले के मालथौन थाना अंतर्गत नेशनल हाइवे पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिर गई। इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्‍त हो गई और उसमें सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्‍य गंभीर रूप से घायल है। यह तीनों कार से छत्तीसगढ़ की ओर जा रहे थे। हादसा रात्रि 02 से 03 बजे के बीच हुआ।

प्राप्‍त जानकारी के जानकारी अनुसार कार क्रमांक HR 32 L 0098 में सवार होकर हरियाणा निवासी नवीन जाट, हरदीप जाट तथा संजीव नायक छत्तीसगढ़ की ओर जा रहे थे। रात्रि में मालथौन थाना अंतर्गत बरोदिया के पास उनकी कार हाईवे से पुल के नीचे गिर गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। जिससे मौके पर ही हरदीप व नवीन जाट की मौत हो गई। जबकि कार मैं पीछे बैठा संजीव नायक गंभीर रूप से घायल हो गया। 

सुबह लोगों ने पुलिया के नीचे क्षतिग्रस्त कार देखी तो उन्‍होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को कार से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मालथौन अस्पताल भेजा और घायल को उपचार के लिए भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चौकी प्रभारी सतेंद्र सिंह का कहना है कि कार सवार युवक हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले और उनकी उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है। घायल युवक भी अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। उनके स्‍वजनों को खबर कर दी गई है।