बुरहानपुर 16 सितंबर 2024 - शिकारपुरा में एक महिला ने देवर के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या से पहले महिला ने पति को रास्ते में शराब पिलाया था। हत्या के बाद महिला ने खुद फोन कर पुलिस को बुलाया और अपने साथ लूट-अपहरण की घटना बताकर गुमराह किया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के लालपड़ाव संग्रामपुर की है।
यहां 30 वर्षीय महिला भागा मार्कंडेय ने अपने प्रेमी देवर ईश्वर के साथ मिल कर पति सिद्धू मार्कंडेय की गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ही पुलिस को फोन करके मौके पर बुला लिया। दुर्गा ने पुलिस को गुमराह करने के लिए चार-पांच नकाबपोश लोगों द्वारा उनके साथ लूटपाट करने और पति का अपहरण कर ले जाने की कहानी गढ़ी।
महिला से पूछताछ के दौरान जब उसने बार-बार बयान बदले तो पुलिस को शक हो गया। पुलिस ने दुर्गा से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने देवर ईश्वर के साथ मिल कर पति सिद्धू की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि सिद्धू शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। जिसके चलते वह अपने देवर ईश्वर की ओर आकर्षित हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। तीन दिन पहले सिद्धू ने दोनाें को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद ईश्वर को जान से मारने की बात कही थी। जिसके चलते दोनों ने इससे पहले सिद्धू को ही मौत के घाट उतारने की योजना बनाई और उसे अंजाम दे डाला।









