कराची 16 जुलाई 2022 -  एक अमानवीय घटना में पाकिस्तान के कराची शहर में रहने वाली छह बच्चों की मां को उसके पति ने कथित तौर पर कढ़ाई में उबाल कर मार डाला. मृतक 32 वर्षीय नरगिस का शव गुलशन-ए-इकबाल के ब्लॉक 4 स्थित एक निजी स्कूल की रसोई की कड़ाही में मिला था. पीड़िता की 15 वर्षीय बेटी द्वारा पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल करने के बाद मोबिना टाउन पुलिस घटना स्थल पर पहुंची. स्थानीय मीडिया के मुताबिक पुलिस अधिकारी भी आरोपी की बर्बरता को देख कर सिहर उठे।

प्रारंभिक जांच का विवरण साझा करते हुए एसएसपी अब्दुर रहीम शेराज़ी ने बताया कि महिला का पति, आशिक स्कूल में चौकीदार के रूप में काम करता था, और परिवार सहित स्कूल के नौकर के क्वार्टर में रहता था. पुलिस के मुताबिक स्कूल आठ महीने से बंद चल रहा था.

घटना के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों के साथ फरार हो गया है, जबकि बाकी तीन बच्चे पुलिस की हिरासत में हैं. पुलिस ने आगे कहा कि शुरुआती जांच और बच्चों के बयानों से पता चलता है कि संदिग्ध ने पहले अपनी पत्नी को तकिए की मदद से मौत के घाट उतारा फिर बच्चों के सामने ही उसे कड़ाही में उबाल दिया. इस घटना में महिला का एक पैर शरीर से अलग हो गया।

घटना के पीछे के वास्तविक मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है; हालांकि, यह बताया गया है कि पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को अवैध संबंध बनाने के लिए मजबूर किया और उसकी बात मानने से इनकार करने पर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास दो सिम कार्ड है लेकिन उसने दोनों को ही बंद कर दिया है. जल्द ही आरोपी को ट्रेस करके उसे गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

18