सीहोर 07 जून 2023 - सीहोर जिले के मुगावली गांव में मंगलवार को दोपहर 1:15 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ढाई वर्ष की सृष्टि पुत्री राहुल कुशवाह खेलते हुए करीब 300 फीट गहरे बोरवेल के गड्ढे में गिर गई। बोरवेल में सृष्टि करीब 25 फीट अंदर फंस गई। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस , प्रशासन और NDRF का अमला जुटा हुआ है। मंगलवार दोपहर 2 बजे से सृष्टि को बोरवेल से निकालने के लिए चलाया गया रेस्क्यू लगातार जारी है।
इस बीच सृष्टि जो करीब 25 फीट की गहराई में फसी थी वो खिसककर करीब 50 फीट नीचे चली गई थी इसके बाद वो फिर खिसकी और अब संभवत: 110 फीट से भी नीचे चली गई है। जबकि रेस्क्यू टीम ने उसे निकालने के लिए बोर के समानांतर करीब 27 फीट गहरा गड्ढ़ा कर लिया था। लेकिन अब शायद इतनी गहराई से गड्ढ़े से निकलना संभव न हो, इसलिए अब आर्मी को बुला कर उनकी मदद से सृष्टि को निकाला जाए।
बुधवार सुबह 08 बजे तक करीब 30 फीट तक खोदाई की जा चुकी थी। पूरी रात रेस्क्यू चला लेकिन 12 फीट के बाद पत्थर आना शुरू हुआ जिसकी खोदाई में अधिक समय लग रहा है। मजबूत पत्थर को तोड़ने के लिए 6 पोकलेन लगी हैं जिला पंचायत के CEO आशीष तिवारी का कहना है कि बच्ची में मूवमेंट नजर नहीं आ रहा है, लगातार रेस्क्यू जारी है।
बोरवेल के समानांतर पिछले 18 घंटे से लगातार खोदाई करने वाले दल के सदस्यों का कहना है कि जहां पहले बच्ची करीब 25 फीट पर नजर आ रही थी, अब वह खिसककर 50 फीट गहराई में जा चुकी है। दरअसल, यहां 12 फीट के बाद मजबूत पत्थर आना शुरू हो गया था जिसको लगातार हाइड्रोलिक ब्रेकन , रॉक ड्रिल मशीन , पोकलेन मशीन के पत्थर तोड़ने पर निकालने से हुए कंपन के कारण बच्ची और नीचे खिसककर करीब 50 फीट गहराई में पहुंच गई।











