मुरैना 26 फरवरी 2022 -  सिविल लाइन थाने के सामने एक महिला, उसकी बेटी और कुछ लोग एक अधेड़ को पीटते हुए लाए। जैसे ही थाने के सामने यह लोग पहुंचे तो युवती ने अपनी चप्पल उतारी और अधेड़ को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान युवती अधेड़ काे जमकर खरी-खाेटी भी सुना रही थी। चप्पलों से पीटते हुए युवती लगातार उसे भला बुरा कहती रही। इस विवाद को पुलिसकर्मियों ने शांत कराया। इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है। पूरा मामला महिला तस्करी से जुड़ा है, लेकिन इतने संवेदनशील मामले में भी सिविल लाइन थाने में किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

हैरान कर देने वाला यह घटनाक्रम शनिवार की दोपहर पहले तो बैरियर पर हुआ, इसके बाद सिविल लाइन थाने के सामने विवाद हुआ। मुरैना की चंबल कालोनी निवासी 43 वर्षीय फूलवती जाटव, उसकी 19 साल की बेटी काजल, राजस्थान के जगाईकापुरा गांव निवासी 45 साल के मुरारी पुत्र चंदन गुर्जर को लेकर पहुंची। 

फूलवती ने गिरेबान पकड़ते हुए मुरारी गुर्जर से अपनी बड़ी बेटी के बारे में पूछा, इसी दौरान काजल ने मुरारी का गिरेबान पकड़ा और चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। काजल का कहना है कि मुरारी उसका अपहरण कर बेचने का प्रयास कर रहा है। काजल का आरोप है कि मुरारी ने उसके पीछे दो युवक लगा दिए हैं, जो उसका पीछा करते रहते हैं। काजल जब मुरारी को चप्पलें मार रही थीं, तब एक पुलिसकर्मी वहां आता है जो पहले तो देखता है फिर बीचबचाव करता है। इसके बाद दोनों पक्षाें को टीआइ विनय यादव के समक्ष पेश किया जाता है, वहां भी काजल व उसकी मां महिलाओं को बेचने व अपहरण के आरोप मुरारी गुर्जर पर लगाती हैं, लेकिन इस मामले में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। दोनों पक्षों को शांत कराकर थाने से रवाना कर दिया जाता है।

महिला फूलवती ने बताया कि राजस्थान का मुरारी गुर्जर चार साल पहले उसकी बड़ी बेटी मीरा को बहला फुसलाकर ले गया और उसे बेच दिया। इस बात का पता शनिवार को ही तब लगा जब मुरारी उसकी बेटी मीरा को लेकर बैरियर पर मिल गया। फूलवती के अनुसार उसने बेटी से बात करना चाही तो मुरारी ने उसे जबरन दो लोगों के साथ बैठाकर वहां से भगा दिया। वहीं काजल का आरोप है कि मुरारी महिला व युवतियों को बेचने का काम करता है। इस विवाद के तीन वीडियो वायरल हो रहे है, जिनमें से एक वीडियो में आरोपित मुरारी फूलवती व उसकी बेटी को गंदी-गंदी गालियां देकर धमका रहा है।