बालाघाट 22 जून 2023 - रानी दुर्गावती की वीरता और बलिदान गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छह दिवसीय गौरव यात्रा का बालाघाट से शुभारंभ किया। महाकोशल के राजनीतिक समीकरणों को साधने के लिए इस गौरव यात्रा की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को करनी थी लेकिन वे मौसम की खराबी के कारण नहीं पहुंच सके। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री ने किसान हित में एक महत्‍वपूर्ण घोषणा की। उन्‍होंने कहा कि अभी तक गर्मी के मौसम की धान यानी रबी की धान समर्थन मूल्‍य पर नहीं खरीदी जाती थी लेकिन अगले साल से प्रदेश सरकार इस धान को भी खरीदेगी।

रबी की धान खरीदी बड़ा राजनीतिक दांव

मध्‍य प्रदेश में अभी तक रबी यानी गर्मी के मौसम की धान समर्थन मूल्‍य पर नहीं खरीदी जाती थी। यह धान महा कोशल अंचल में बड़ी मात्रा में पैदा होती है। ऐसे में महाकोशल के किसानों को अपनी धान औने-पौने दामों पर व्‍यापारियों को बेचना पड़ता है। इससे किसान तो परेशान होते ही हैं, मजबूरन उन्‍हें कम दाम लेने के लिए बाध्‍य होना पड़ता है। इस धान को भी समर्थन मूल्‍य पर खरीदने की लंबे समय से मांग चल रही थी। सरकार की घोषणा का इस जनजातीय बहुल बेल्‍ट पर असर पड़ने की संभावना है।