रायपुर 13 दिसंबर 2023 - नई सरकार के शपथ के संदर्भ में एक बड़ी खबर आ रही है... पता चला है आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ सिर्फ दो उप मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। अरुण साव और विजय शर्मा। इनके अलावा बाकी 10 मंत्रियों को अभी शपथ के लिए इंतजार करना होगा। हो सकता है कि दो एक रोज में मंत्रियों के शपथ के लिए अलग से समारोह का आयोजन किया जाए।
अब से कुछ देर पहले भोपाल में मध्यप्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ भी दो डिप्टी सीएम शपथ लिए हैं। वहां भी मंत्रियों के लिए अलग से शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। मंत्रिमंडल में चेहरे कौन होंगे, इस रहस्य पर से अभी तक पर्दा नहीं उठा है। भावी मंत्री, यानी जिनके नाम चर्चा में हैं, वे सभी कुर्ता, जैकेट सिलवा ऊपर फोन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
दो तीन को इशारा मिल चुका है शपथ लेने का। मगर वे भी मुंह खोलने तैयार नहीं। सभी का एक ही जवाब है, अभी कोई खबर नहीं। पता चला है, कई बड़े नेताओं को पार्टी ड्रॉप करने की तैयारी में है। इसलिए नामों का खुलासा नहीं किया जा रहा।











