जगदलपुर 10 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित नगरनार के NMDC स्टील प्लांट में मंगलवार को काम करने के दौरान एक ऑपरेटर पिघले लोहे (स्लैग) की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय मंगल साय के रूप में हुई है। वह बस्तर जिले के छोटे देवड़ा का निवासी था। 

जानकारी के मुताबिक, मंगल साय नगरनार स्थित NMDC स्टील प्लांट में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। वर्ष 2023 से वह प्लांट में काम कर रहा था। मंगलवार को ड्यूटी के दौरान वह पिघले लोहे यानी स्लैग की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्लांट में अफरा तफरी का माहौल बन गया। 

हादसे की सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव बरामद कर मामले में मर्ग कायम किया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटना की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।