जांजगीर चाम्पा 10 नवम्बर 2026 - जांजगीर चाम्पा जिले की अकलतरा पुलिस ने सतनाम मंदिर का प्राचीन गुंबज कलश चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर भारत का पांचवा सतनाम तीर्थ स्थल है, जो सतनाम समाज के आस्था का प्रमुख केन्द्र है और मंदिर में लगा गुंबज कलश लगभग वर्ष 1945 में स्थापित किया गया था, जो समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रतीक था। जिसे 17-18 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने कलश को चोरी कर लिया था। कलश चोरी की घटना से समाज में आक्रोश व्याप्त था।

प्रकरण में थाना अकलतरा में अपराध पंजीबद्ध कर SP विजय  पाण्डेय के दिशा निर्देशन में अकलतरा पुलिस द्वारा विवेचना की गई। विवेचना के दौरान ग्राम में सीसीटीवी कैमरा का अभाव होने के कारण पुलिस द्वारा लगातार स्थानीय सूत्रों से संपर्क स्थापित कर पतासाजी की गई। पतासाजी के आधार पर प्रकरण के आरोपी शुभम शर्मा पिता हरिशंकर शर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम पचरी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह शराब पीने का आदी है। घटना दिनांक को शराब पीने के लिए पैसा नहीं होने पर पैसों के जुगाड़ के लिए उसने गांव के तालाब के पास स्थित मंदिरों के कलश को चोरी करने की योजना बनाई। शिव मंदिर का कलश ऊंचाई पर होने के कारण उसने बगल में स्थित गुरूघासी दास बाबा जी के मंदिर का गुंबज कलश, जिसकी ऊंचाई कम थी, चढ़कर निकाल लिया। रात अधिक होने के कारण वह कलश को बेच नहीं पाया और घर भी नहीं ले जा सका, जिसे उसने कटनई प्रहरी जंगल में छिपा कर रख दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए कलश को गवाहों के समक्ष जप्त कर आरोपी का कृत्य धारा 303 (2) BNS का पाया जाने पर आज दिनांक 10 नवम्बर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।