रायपुर 16 मार्च 2022 -  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ( SSP ) प्रशांत अग्रवाल भी मंगलवार की देर रात शहर की सड़कों पर उतर गए। होली के पहले लगभग सभी थाना प्रभारियों को पहरेदारी बढ़ाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। शहर के प्रमुख सड़कों पर चाकू , बंदूक लेकर आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

इसी कड़ी में SSP प्रशांत अग्रवाल ने कोतवाली , भाटिया नर्सिंग के पास , जयस्तंभ चौक , फाफाडीह , देवेंद्र नगर आदि इलाकों में देर रात तक ड्यूटी और गश्त करने वाले पुलिस जवानों की कार्यशैली को भी बारीकी से समझा। SSP प्रशांत अग्रवाल के निर्देशानुसार रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों सहित अन्य पुलिस बलों द्वारा पेट्रोलिंग कर भीड़-भाड़ वाले स्थानों की जांच की गई। बतादें कि इस दौरान मुखौटा पहनने वालों पर भी पुलिस कड़ी कार्रवाई कर सकती है।

SSP प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों , आम स्थान , सूनसान स्थानों पर यदि कोई भीड़ लगा रहा है तो पुलिस को इसे जांच करने के लिए कहा गया है। खासकर यदि कोई किसी जगह पर जमवाड़ा लगा रहा है या फिर गुटबाजी कर रहा है तो ऐसे संदिग्धों पर निगरानी रखने के लिए कहा जा रहा है। खासकर संदिग्ध व्यक्तियों, असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों के वाहनों और दोपहिया वाहन में तीन सवारी करने वालों सहित धारदार हथियार रखकर घूमने वालों की जांच की जा रही है।

         - सुरक्षा के लिए ये कड़े इंतजाम -

- 250 बदमाशों की सूची तैयार की है, जिन्हें जेल भेजने के लिए धर-पकड़ के निर्देश

- 80 चेक प्वाइंट से होगी निगरानी-नहीं बिकेंगे मुखौटे, बेचने वालों पर होगी कार्रवाई

- 800 जगहों पर राजधानी में होता है हर साल होलिका दहन

- स्प्रे बैन, तीन सवारी मिले तो बाइक होगी जब्त

- हुड़दंगियों की जानकारी 9479191099 नंबर पर काल कर दे सकेंगे लोग