सक्ती 19 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ सक्ती जिले के जैजैपुर में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक किसान को अपना निशाना बनाया है। जिला सहकारी बैंक से एक लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे किसान की बाइक की डिक्की से अज्ञात उठाईगिरों ने पूरी रकम पार कर दी। भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड के पास हुई इस वारदात ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक सक्ती जिले के ग्राम कचंदा निवासी होली साय साहू बुधवार को घरेलू कार्य के सिलसिले में जैजैपुर स्थित जिला सहकारी बैंक पहुंचे थे। बैंक से एक लाख रुपये निकालने के बाद उन्होंने रकम अपनी बाइक की डिक्की में रखी और घर लौटने लगे। इसी दौरान जैजैपुर बस स्टैंड के पास अज्ञात बदमाशों ने भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए उनकी बाइक की डिक्की खोलकर एक लाख रुपये पार कर दिए। कुछ देर बाद जब किसान को रकम गायब होने का पता चला तो उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश बैंक से ही किसान की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद जैजैपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।