ग्वालियर 19 नवंबर 2026 - मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर स्थित पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में अटल द्वार के पास बुधवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तिघरा के सीता का पुरा निवासी धर्मवीर सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मृतक के बड़े भाई परमाल सिंह के मुताबिक, धर्मवीर ने करीब चार माह पहले एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ पुरानी छावनी के स्टोन पार्क के पास एक किराये के कमरे में रह रहा था, जबकि दिन के समय वह अक्सर अपने पैतृक घर आता-जाता था। परिजनों का कहना है कि परिवार को इस शादी से कोई एतराज नहीं था और एक दिन पहले दोपहर में ही भाई से उसकी सामान्य बातचीत भी हुई थी।

इस घटना के बाद मृतक के परिवार वालों ने धर्मवीर की पत्नी और एक अन्य युवक पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। बड़े भाई का कहना है कि शादी के कुछ वक्त बाद से ही उस पर पैसों को लेकर दबाव बनाया जा रहा था और कुछ दिन पहले धर्मवीर ने उनसे आर्थिक मदद भी मांगी थी। परिजनों ने यह भी दावा किया है कि घटना की जानकारी देने के लिए जब पत्नी के फोन पर कॉल किया गया, तो किसी अन्य युवक ने फोन उठाया और कथित तौर पर धर्मवीर को पहचानने से ही मना कर दिया।

पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव ने बताया कि पेड़ से शव मिलने के मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।