जशपुर 19 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने से इनकार करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी दुर्योधन यादव (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में एक सहेली के माध्यम से 30 वर्षीय महिला की पहचान आरोपी दुर्योधन यादव से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पूर्व वैवाहिक जिंदगी और बच्चों के बारे में आरोपी को पहले ही जानकारी दे दी थी। महिला का आरोप है कि इसके बावजूद दुर्योधन ने उससे शादी करने और उसके बच्चों की जिम्मेदारी उठाने का आश्वासन दिया। युवक के इस भरोसे पर महिला ने उसके साथ अपना रिश्ता आगे बढ़ाया।
महिला ने पुलिस को बताया कि 31 मार्च 2023 को वह आरोपी को अपने किराए के मकान में लेकर गई थी। वहां युवक ने उसके साथ संबंध बनाने की इच्छा जताई और उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद उसी रात करीब 11 बजे दोनों के बीच पहली बार शारीरिक संबंध बने। महिला का आरोप है कि युवक ने उसे शादी का भरोसा दिलाया था और इसी विश्वास के आधार पर उनके बीच संबंध बने।













