जांजगीर चाम्पा 19 नवम्बर 2026 - जांजगीर कोतवाली पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए युवक को जाल में फंसाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक युवती सहित 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 हजार नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और 02 बाईक जप्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में अमित राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर, रवि झलरिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर, किशन कर्ष, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम महुदा, थाना चांपा, हाल खडफड़ी पारा वार्ड क्रमांक 21, जांजगीर,  कुनाल पाण्डेय, उम्र 20 वर्ष, निवासी शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर हाल भोजपुर मिशन हॉस्पिटल, थाना चांपा, मुकेश कश्यप उर्फ छोटू, उम्र 19 वर्ष, निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर और रायगढ़ जिला क्षेत्र की एक युवती शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी मनीष वर्मा जिला रायगढ़ का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से जिला रायगढ़ क्षेत्र की युवती से परिचय हुआ था। बातचीत के दौरान युवती लगातार प्रार्थी को चांपा मिलने के लिए बुला रही थी। दिनांक 04 नवम्बर 2026 को प्रार्थी अपने मित्र के साथ कार से युवती से मिलने चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर वह अपने मित्र को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ कर उसके साथ आगे चला गया।

रात्रि करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास 06 युवक कार के पास पहुंचे और चाकू दिखाकर प्रार्थी को बाहर निकाल लिया। आरोपियों ने उसके साथ  मार पीट और जान से मारने की धमकी देकर 60 नगद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। घटना में युवती की भी आरोपियों के साथ मिली भगत होना सामने आया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026, धारा 115 (2), 308 (2), 111(1), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल महिला सहित सभी 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।