रायगढ़ 19 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के केलो विहार स्थित एक किराये के मकान में कथित तौर पर संचालित देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर इस गतिविधि को संचालित करने के आरोप में गोविंद साहू (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। मामले में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू ने केलो विहार क्षेत्र में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लिया हुआ है। आरोप था कि इस मकान में युवतियों के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
सबसे पहले संबंधित मकान की घेराबंदी की गई। इसके बाद पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान के अंदर भेजा। पाइंटर को पहले से निर्धारित संकेत देने के निर्देश दिए गए थे। जैसे ही पाइंटर ने पुलिस टीम को निर्धारित संकेत दिया, पहले से तैनात जवानों ने मकान को चारों ओर से घेर लिया और दबिश दी। मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को गोविंद साहू मिला। वहीं एक कमरे में एक युवती मौजूद थी। पुलिस के अनुसार, तलाशी में कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की गईं। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद युवती और आरोपी से पूछताछ की। युवती से पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी गोविंद साहू उसे रुपये देकर अनैतिक कार्य के लिए लेकर आया था।













