बालोद 19 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां गुरुर ब्लॉक के ग्राम खैरवाही के श्मशान घाट से 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अंतिम संस्कार के बाद की अस्थियां रहस्यमय तरीके से चोरी हो गई हैं। मौके पर नारियल और दीया रखा हुआ मिला है, जिसे देख कर परिवार ने किसी तांत्रिक क्रिया या अज्ञात व्यक्ति द्वारा अस्थियां चुराए जाने की आशंका जताई है। 

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरवाही निवासी 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात 11 बजे निधन हो गया था। अगले दिन 13 नवंबर को दोपहर 12ः 30 बजे गांव के ही मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मृतका के मंझले बेटे और सिंचाई विभाग के पूर्व एसडीओ रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि, उनकी मां बेहद धार्मिक प्रवृत्ति की थीं। उनकी अंतिम इच्छा थी कि उनके निधन के बाद उनकी अस्थियां प्रयागराज ले जाकर गंगा में विसर्जित की जाएं। पूरा परिवार उनकी इसी आखिरी इच्छा को विधि-विधान से पूरा करना चाहता था, लेकिन अस्थियां गायब होने से परिवार सदमे में है और उन्हें गहरा आघात पहुंचा है।

घटना का खुलासा 14 नवंबर की शाम को हुआ, जब मृतका के बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा और अन्य परिजन पूजा पाठ करने मुक्तिधाम पहुंचे। वहां चिता वाली जगह पर नारियल और दीया रखा हुआ था। यह देखकर परिजन हैरान रह गए। जब उन्होंने ठंडी हो चुकी राख को खंगाला, तो वहां से अस्थियां पूरी तरह गायब थीं। गांव में पूछताछ करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार ने गुरुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। 

ग्रामीणों के अनुसार, खैरवाही के इस मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी ऐसी दो घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि, साल 2025 में उनके पिता के निधन के बाद जब वे अस्थि संचयन के लिए पहुंचे थे, तब भी उनकी अस्थियां गायब मिली थीं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भी रोष और दहशत का माहौल है।

मामले को लेकर गुरुर थाने के टीआई मुकेश सिंह ने बताया कि, पुलिस को शिकायत मिल चुकी है। फिलहाल परिवारजन अंतिम संस्कार के बाद के क्रिया - कर्म में व्यस्त हैं। परिजनों के औपचारिक बयान दर्ज करने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी।