रायपुर 26 फरवरी 2024 - साय सरकार के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पैरादान पर हुए खर्च पर सदस्य की आपत्ति के बाद जाँच का ऐलान किया हैं। उन्होंने कहा कि, पूर्व मंत्री इसमें भ्रष्टाचार की बात कह रहे हैं। इसलिए इस मामले की वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराएंगे।
दरअसल पूर्व मंत्री की तरफ से आज सदन में भूपेश सरकार के फ्लैग्शिप योजनाओं में से एक गोधन योजना अन्तर्गत पैरादान और पैरा के परिवहन का मामला सदन में प्रश्नकाल के दौरान उठाया। उन्होंने पूछा, गोधन न्याय योजना के तहत पैरा परिवहन किया जा सकता है क्या?
इस पर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, गोधन न्याय योजना से अनुदान दिया जाता है। इसके लिए 14वें-15वें वित्त से भी पैरा परिवहन के लिए राशि दी जाती है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि पैरा ढुलाई के लिए सेस से भी राशि दी गई है। इसकी जांच करवाएंगे क्या?
इस पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, पूर्व मंत्री इसमें भ्रष्टाचार की बात कह रहे हैं, इसलिए इस मामले की वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराएंगे। अजय चंद्राकर ने दावा किया कि 53 करोड़ रुपये कागज में खर्च हुए हैं, जबकि पैरादान हुआ ही नहीं। विधानसभा की समिति से जांच होनी चाहिए। इस पर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने विधानसभा की प्रश्न संदर्भ समिति से जांच कराए जाने का ऐलान किया।










