देवास 29 अगस्त 2022 -  देवास शहर के बायपास पर शंकरगढ़ पहाड़ी के पास पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात सामने आई है। तीन बाइक सवार बदमाशों ने लूट को अंजाम दिया। रविवार रात करीब 12.15 बजे बदमाश मुंह पर गमछा बांधकर बाइक से पेट्रोल पंप पर पहुंचे। एक बदमाश बाइक पर स्टार्ट कर खड़ा था। जबकि दो बदमाश रिवाल्वर लेकर पंप के आफिस में घुसे। आफिस में मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। लूट के बाद कुछ मिनट में बदमाश फरार हो गए।

हालांकि 15 से 20 हजार रुपये की लूट सामने आई है। पेट्रोल पंप कर्मचारी मोहित ठाकुर ने बताया कि तीन बदमाश मुंह पर गमछा बांधकर बाइक से आए थे। ऑफिस के अंदर आकर हमें धमकाया। चाटे मारे और लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। बदमाशों के हाथ में रिवाल्वर थी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश राजोदा गांव की तरफ फरार हुए।

घटना की सूचना पेट्रोल पंप संचालक को दी। वहीं वारदात की सूचना के बाद CSP विवेक सिंह मौके पर पहुंचे। विवेक सिंह ने बताया कि CCTV फुटेज में मिले हैं जिससे कुछ अहम सुराग हैं। बदमाशों के जाने के रास्ते को लेकर ट्रेस किया जा रहा है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लूट की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है, जिसमें तीनों बदमाश नजर आ रहे हैं।