रायपुर 12 फरवरी 2022 - प्रदेश में जनशिकायतों के निराकरण के लिए एक मार्च से आनलाइन मानिटरिंग शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, गृह, ऊर्जा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और नगरीय प्रशासन विभाग में अधिकारियों की टीम बना दी गई है।

ऊर्जा विभाग के सचिव अंकित आनंद इस टीम के समन्वयक होंगे। स्वास्थ्य मिशन संचालक डा. प्रियंका शुक्ला, गृह विभाग की विशेष सचिव नेहा चंपावत, राजस्व विभाग की संयुक्त सचिव हिना अनिमेश नेताम और अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी सूडा आशीष टिकरिहा टीम के सदस्य होंगे।

यह टीम आनलाइन जनशिकायत के प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी की मानिटरिंग करेगी। अपर मुख्य सचिव इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को अवगत कराते हुए उच्च स्तर पर सुगम मानिटरिंग की व्यवस्था, सुखद लाभार्थी अनुभव की व्यवस्था, समयावधि में योजना को प्रारंभ करने के लिए कार्यवाही भी करेगी। 

भविष्य में अन्य विभागों को जोड़ने की पहल और नियत समयावधि पश्चात टीम विघटित कर योजना का संचालन जनशिकायत निवारण विभाग द्वारा किए जाने की दिशा में कार्य करेगी।