रायपुर 18 मार्च 2021 - वर्तमान में कोरोना से जंग जारी है। इस संकट की घड़ी में भी कुछ असामाजिक तत्व बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोग सोशल मीडिया में अफवाहें और फर्जी खबरें वायरल कर रहे हैं। इस कृत्य को प्रदेश कांग्रस ने गंभीरता से लिया है। 

फेक न्यूज पर लगाम लगाने और जनता तक सच्चाई पहुंचाने मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है। प्रभारी महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर शुक्ला ने बताया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सहमति व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के निर्देश पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस फेक न्यूज मॉनिटरिंग सेल बनाया गया है। 

सेल में शैलेश नितिन त्रिवेदी , जयवर्धन बिस्सा , आरपी सिंह , आयुष पांडे सदस्य होंगे। ये चारों जनता के बीच फैलाई जा रही भ्रामक खबरों पर नजर रखेंगे। साथ ही पुष्टि करके जनता को सबसे अवगत कराएंगे। 

बता दें कि इस संबंध में कांग्रेस प्रदेश आईटी सेल की बैठक शुक्रवार को हुई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा भी बैठक में उपस्थित थे। बैठक में फेक न्यूज के खिलाफ मुहिम को मजबूत करने कमेटी के गठन करने का निर्णय लिया गया था। 

साथ ही सोशल मीडिया पर सकारात्मकता का माहौल बनाने की योजना बनाई गई थी। इसी तरह जनता तक सरकार के एक-एक एक्शन को पहुंचाने के लिए 2 दिन में अंदरुनी तौर पर कांग्रेस ने कोविड स्पेशल ऑनलाइन फोर्स तैयार करने का भी निर्णय लिया है।