रायपुर 03 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ शासन की ओर से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उनकी आत्मनिर्भरता को सुनिश्चित करने की दिशा में महतारी वंदन योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत प्रदेश की माताओं-बहनों को एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। दीपावली से ठीक पहले योजना की नवंबर माह की 33वीं किस्त का अंतरण आज यानी 3 नवंबर को राज्योत्सव समारोह के दौरान किया जाएगा।
राज्योत्सव समारोह के मुख्य मंच से गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि सीधे अंतरित की जाएगी।
ई-केवाईसी पूर्ण करा चुकीं प्रदेशभर की 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राही लाभान्वित होंगी। नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को उनकी 13वीं किस्त की राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं को इस चरण में लाभ मिलेगा।













