रायपुर 03 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को इलाज देने में कथित तौर पर अनियमितता और गड़बड़ी करने वाले 16 अस्पतालों को आयुष्मान योजना से बाहर कर दिया है। इन अस्पतालों में अब निर्धारित अवधि तक योजना के तहत मरीजों का इलाज नहीं हो सकेगा। इस कार्रवाई के बाद निजी अस्पतालों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुछ दिन पहले प्रदेश के 19 अस्पतालों का निरीक्षण किया था। इस दौरान अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत किए जा रहे इलाज, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, दस्तावेजों और बिलिंग प्रक्रिया की जांच की गई। जांच में तीन अस्पतालों को छोड़कर बाकी 16 अस्पतालों में गंभीर खामियां सामने आने की बात कही गई है।
जांच के बाद बिलासपुर के मेहता चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, रायपुर के विजन सेंटर आई हॉस्पिटल और सरगुजा के DHT हॉस्पिटल को छोड़कर अन्य 16 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इन अस्पतालों को उनकी अनियमितताओं की गंभीरता के आधार पर एक से तीन साल तक आयुष्मान योजना से बाहर किया गया है।
Also Read - लाखेनगर पटाखा दुकानों का पुलिस-अग्निशमन टीम ने किया निरीक्षण इन पांच अस्पतालों पर सबसे सख्त कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई में पांच अस्पतालों को तीन साल तक आयुष्मान योजना से बाहर रखने का प्रस्ताव रखा गया है। इनमें भिलाई का श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल, रायपुर का रावतपुर सरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल, वरदान हॉस्पिटल, श्री अनंत साईं अस्पताल और श्रीनिवास हॉस्पिटल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन अस्पतालों के खिलाफ मिली शिकायतें और जांच में सामने आई अनियमितताएं गंभीर प्रकृति की थीं। इसी वजह से इन्हें लंबी अवधि तक योजना से बाहर रखने की अनुशंसा की गई है।
ब्लैकलिस्टेड किये गए हॉस्पिटलों में..
01. श्री अनंत साई अस्पताल, रायपुर
02. पल्स हॉस्पिटल, दुर्ग
03. नेताम हॉस्पिटल, कोंडागांव
04. हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल, कोरबा
05. स्वामी चंद्रशेखरानंद हॉस्पिटल, बस्तर
06. एसके केयर हॉस्पिटल, रायपुर
07. जय जगन्नाथ हेल्थ केयर, कबीरधाम
08. अशोक प्रसूति मंदिर, बिलासपुर
09. केयर एंड केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बिलासपुर
10. श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, दुर्ग
11. महावीर हॉस्पिटल, रायपुर
12. श्रीनिवास हॉस्पिटल, रायपुर
13. वरदान हॉस्पिटल, रायपुर
14. सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, रायपुर
15. हेरिटेज हॉस्पिटल, रायपुर
16. रावतपुर सरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल, रायपुर













