बालोद 02 नवम्बर 2026 - छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में महिला सरपंच के खुदकुशी की कोशिश करने का मामला सामने आया है। गुंडरदेही ब्लॉक की ग्राम पंचायत सियनमरा की सरपंच मंजू महिलांग (साहू) ने कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक दबाव से परेशान होकर कीटनाशक पी लिया। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना 31 अक्टूबर की रात सनौद थाना क्षेत्र की है। 

महिला सरपंच के परिजनों ने पंचायत के उप सरपंच और कुछ पंचों पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और पद छोड़ने के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने महिला सरपंच का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मंजू महिलांग (साहू) करीब छह महीने पहले ग्राम पंचायत सियनमरा में हुए उप चुनाव में सरपंच निर्वाचित हुई थीं। मंजू महिलांग (साहू) का आरोप है कि सरपंच बनने के बाद से ही उन्हें पंचायत के कुछ जनप्रतिनिधियों के विरोध और अपमान का सामना करना पड़ रहा था। आरोपों के मुताबिक, उपसरपंच और कुछ पंच लगातार उन पर दबाव बना रहे थे।

महिला सरपंच मंजू महिलांग (साहू) ने बताया कि पंचायत के भीतर उन्हें सम्मानजनक व्यवहार नहीं मिलता था। यहां तक कि पंचायत कार्यालय में सरपंच की कुर्सी पर बैठने को लेकर भी कथित तौर पर आपत्ति जताई जाती थी। उनका आरोप है कि जाति के आधार पर उन्हें अपमानित किया जाता था और सरपंच पद छोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, पंचायत पर बकाया राशि की वास्तविक स्थिति और उसके भुगतान की जिम्मेदारी किसकी है, यह जांच का विषय है। इसके लिए पंचायत के वित्तीय रिकॉर्ड, पुराने भुगतान और बकाया राशि से संबंधित दस्तावेजों की जांच जरूरी होगी। यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि पूर्व कार्यकाल के कर्ज को लेकर नए निर्वाचित सरपंच पर किस आधार पर दबाव बनाया जा रहा था।