जबलपुर 03 मार्च 2022 - गोसलपुर में शांतिनगर जुझारी निवासी रेत कारोबारी मलखान सिंह के बेटे राहुल सिंह 25 वर्ष का अपहरण कर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। वारदात के बाद गोसलपुर में सनसनी फैल गई है। अपहृत युवक को दो साल पहले लकवा लग गया था जिससे वह फिलहाल एक हाथ और एक पैर से आंशिक दिव्यांगता की तरह जीवन व्यतीत कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि राहुल सिंह बुधवार शाम घर से लापता हो गया था। स्वजन को लगा कि वह क्षेत्र में ही कहीं होगा। परंतु रात में उसके पिता मलखान सिंह के पास अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। उसने बताया कि राहुल उसके पास है। बेटे को छुड़ाना चाहते हो तो 15 लाख रुपये तैयार रखो। अपहरण और 15 लाख की फिरौती की जानकारी मिलते ही मलखान सिंह ने गोसलपुर पुलिस को सूचना दी। अपहरण FIR दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शिवेश सिंह बघेल सहित तमाम अधिकारी गोसलपुर पहुंचे है। पुलिस की कई टीमें राहुल सिंह की पतासाजी में लगाई गई है। क्राइम बढ़ा , सायबर सेल की टीमें भी सक्रिय की गई हैं। मलखान द्वारा की गई शिकायत की भी पुष्टि कराई जा रही है।









