जांजगीर चाम्पा 26 नवम्बर 2026 - जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र में दो दिनों से लापता 30 वर्षीय महिला की लाश पहाड़ी पर मिलने से सनसनी फैल गई है। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी की पहचान की है, जिसने कथित तौर पर जहर का सेवन कर लिया है। फिलहाल वह कोरबा अस्पताल में उपचाराधीन है।
दरअसल, ग्राम अंगारखार निवासी 30 वर्षीय महिला 22 नवंबर से लापता थी। परिजनों की सूचना पर 24 नवंबर को पंतोरा पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस लगातार खोजबीन कर रही थी। इसी दौरान 25 नवंबर को पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त सर्चिग में तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र से महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच में सामने आया है कि महिला पहाड़ी पर अपने परिचित व्यक्ति से मिलने गई थी। इसी दौरान गांव का ही एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर विवाद करने लगा। इसके बाद घटनाक्रम ने क्या मोड़ लिया, इसकी जांच पुलिस कर रही है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर संदिग्ध की पहचान कर ली है।
बताया जा रहा है कि संदिग्ध ने जहर खा लिया है और उसका इलाज कोरबा अस्पताल में जारी है। उसके स्वस्थ होने के बाद पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।













