रायगढ़ 26 नवम्बर 2026 - नियमों की अनदेखी और ग्राहकों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं में लापरवाही बरतने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रायगढ़ जिले में निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले 8 पेट्रोल पंपों का विक्रय आगामी आदेश तक बंद कर उन्हें सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच के बाद की गई।
जांच में अंगुरी पेट्रोलियम, हरि पेट्रोलियम, बजरंग फ्यूल्स, राधाकिशन फ्यूल्स (अंजोरीपाली, खरसिया), नरेंद्र केएसके (राजपुर), एमएस हेमकुंड फ्यूल्स (कुरमापाली, रायगढ़), मेसर्स रायगढ़ सिटी फ्यूल्स (जूटमिल, रायगढ़) और बाबा फिलिंग स्टेशन (धरमजयगढ़) में अनियमितताएं पाई गईं। इन पेट्रोल पंपों में मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (प्रदाय तथा वितरण विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश, 2005 तथा एलओआई (LOI) की शर्तों का उल्लंघन पाया गया, जिसके बाद नियमानुसार इनकी बिक्री रोकते हुए सील करने की कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने पहले ही जिले के सभी पेट्रोल-डीजल पंपों को ग्राहक सुविधाओं और स्वच्छता के स्तर को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। इनमें महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग साफ शौचालय, स्वच्छता और सैनिटेशन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से शामिल थी। इसके बावजूद जांच के दौरान कई पंपों पर इन जरूरी सुविधाओं का अभाव मिला, जिसके चलते संचालकों पर कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने तेल कंपनियों और पेट्रोल पंप संचालकों को सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इनमें स्वच्छ पेयजल, वाहनों में मुफ्त हवा भरने की सुविधा, फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत और सुझाव पेटी के साथ फोन तथा आपातकालीन संपर्क सुविधा शामिल हैं। इसके अलावा सड़क किनारे स्थित पेट्रोल पंपों के एप्रोच एरिया में सुधार करने को कहा गया है, ताकि वाहन चालकों और आम लोगों को आने-जाने में किसी तरह की दिक्कत न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले के पेट्रोल पंपों की जांच और निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी।













