बस्ती 26 नवम्बर 2026 - उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक शादीशुदा युवक अपनी ससुराल पहुंचा और रात में वहीं रुक गया। परिवार को उस पर भरोसा था क्योंकि वह घर का दामाद था। लेकिन अगली सुबह जब घरवालों की नींद खुली तो उनकी 17 वर्षीय छोटी बेटी और दामाद दोनों गायब थे।

काफी तलाश के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। बाद में किशोरी के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनका दामाद नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मामला बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र का है।

शिकायतकर्ता पिता के मुताबिक उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी गोंडा जिले के रहने वाले एक युवक से की थी। शादी के बाद दामाद का ससुराल में अक्सर आना-जाना रहता था। परिवार का आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उनकी 17 वर्षीय छोटी बेटी से नजदीकियां बढ़ाईं। रिश्तेदारी की वजह से घरवालों को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। पिता का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनका दामाद एक दिन उनकी नाबालिग बेटी को अपने साथ लेकर चला जाएगा।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, पिछले दिनों आरोपी युवक अपनी ससुराल आया था और रात में वहीं ठहरा हुआ था। पिता का आरोप है कि रात करीब 12 बजे वह किशोरी को शादी का भरोसा देकर अपने साथ ले गया। अगली सुबह जब घरवालों ने छोटी बेटी को नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां जानकारी ली गई लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चला। इसी दौरान दामाद के भी घर से गायब होने की बात सामने आई। इसके बाद परिवार को आशंका हुई कि वह किशोरी को अपने साथ ले गया है।

बेटी की तलाश के बाद पिता ने दुबौलिया थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने अपने दामाद पर नाबालिग बेटी को बहला - फुसला कर ले जाने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब किशोरी और आरोपी की तलाश कर रही है।