बिलासपुर 26 नवंबर 2026 - तहसील कार्यालय में ड्यूटी के दौरान कुर्सी पर सोते मिले रीडर पर कलेक्टर ने बड़ी कार्रवाई की है। बिलासपुर तहसील कार्यालय में पदस्थ रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि रीडर कार्यालय में शराब के नशे में सो रहे थे। इतना ही नहीं, फाइल लेकर पहुंचे एक वकील के साथ बदसलूकी करने और उनकी फाइल पुटअप करने से मना करने का भी मामला सामने आया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रवि शंकर सूर्यवंशी बिलासपुर तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार समर्थ थवाईत के रीडर के रूप में पदस्थ थे। 20 नवंबर को अधिवक्ता त्रिशिर दीक्षित अपनी फाइल लेकर उनके पास पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय रीडर अपनी कुर्सी पर सो रहे थे और शराब के नशे में थे।

वकील ने जब अपनी फाइल पुटअप करने के लिए कहा, तो रीडर ने फाइल आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया। इस दौरान अधिवक्ता के साथ बदसलूकी किए जाने का भी आरोप है। इसके बाद वकील ने अपने मोबाइल से रीडर का वीडियो बना लिया, जिसमें कर्मचारी कार्यालय के भीतर अपनी कुर्सी पर सोता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

घटना के बाद अधिवक्ता त्रिशिर दीक्षित ने वीडियो के साथ कलेक्टर संजय अग्रवाल से शिकायत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच एसडीएम से कराई गई। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया रीडर को दोषी पाए जाने के बाद कलेक्टर ने निलंबन की कार्रवाई की।

कलेक्टर के आदेश के तहत निलंबित रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को कोटा तहसील कार्यालय अटैच किया गया है। इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में ड्यूटी के दौरान लापरवाही और आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर प्रशासन की सख्ती सामने आई है।